जिले के 159324 किसानों के बैंक खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 31 करोड़ 86 लाख रु से अधिक राशि अंतरित
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
उमेश चौबे,रायसेन ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज राजस्थान में आयोजित पीएम किसान सम्मेलन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 14वीं किश्त की राशि किसानों को वितरित की गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिले के 159324 हितग्राही किसानों के बैंक खातों में 31 करोड़ 86 लाख 48 हजार रु की राशि अंतरित की गई है। रायसेन स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 14वीं किश्त राशि का वितरण कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हितग्राही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दो-दो हजार राशि के सांकेतिक चेक भी प्रदान किए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किसानों के कल्याण और आर्थिक उन्नति के लिए अनेकों योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल तीन किश्तों में 06 हजार रू की राशि प्रदान की जाती है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत एक साल में चार हजार रू की राशि दो किश्तों में प्रदान की जाती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश, देश में एकमात्र ऐसा प्रदेश है जहां किसानों को हर साल 10 हजार रू की राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किसान कल्याण योजना की राशि में बढ़ोत्तरी करते हुए हर साल 06 हजार रू की राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यशवंत मीणा ने कहा कि सरकार द्वारा सिंचाई के रकबे में लगातार वृद्धि की जा रही है। नवीन जल संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र बघेल ने भी संबोधित किया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीकर राजस्थान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र बघेल, एसडीएम मुकेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर मकसूद अहमद सहित अन्य अधिकारी और हितग्राही किसान उपस्थित थे।
जिले के 159324 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 14वीं किश्त के दो-दो हजार रू के मान से कुल 31 करोड़ 86 लाख 48 हजार रू की राशि प्रदान की गई है। सांची विधानसभा क्षेत्र के 43254 किसानों को 86508000 रू, उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के 50909 किसानों को 101818000 रू, सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के 41654 किसानों को 83308000 रू तथा भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के 23507 किसानों को 47014000 रू की राशि वितरित की गई।
0 टिप्पणियाँ